हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के लिए स्पेशल बसें चलाएगी। मुख्यमंत्री छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा- महिलाओं के लिए विशेष बसें चलाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र जिलों में यह सेवा शुरु होगी।
खट्टर ने कहा- विशेष बसों की शुरुआत, छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। हर बस में महिला कॉन्स्टेबल तैनात की जाएंगी, जो असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी। शुरुआत में इस सेवा के जरिए उच्च शिक्षा संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं को घर से लाने-ले जाने का इंतजाम किया जाएगा।
हैदराबाद और बेंगलुरु मेट्रो में मिर्ची स्प्रे की अनुमति
हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड (एचएमआरएल) ने महिला यात्रियों को ट्रेन के अंदर मिर्ची स्प्रे ले जाने की इजाजत दी है। बुधवार को एचएमआरएल ने सुरक्षाकर्मियों को इस बारे में निर्देश जारी किए। प्रबंध निदेशक एनवीएस रेड्डी ने कहा- हमने महिलाओं को यह सुविधा आत्मरक्षा के लिए दी जा रही है। बैंगलोर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमआरएल) पहले ही महिला यात्रियों को मेट्रो ट्रेनों के अंदर मिर्च स्प्रे ले जाने की अनुमति दे चुका है।
नागपुर में महिलाओं को घर छोड़ने का इंतजाम
नागपुर में पुलिस ने रात के समय अकेली महिलाओं को घर तक पहुंचाने की बात कही है। पुलिस कमिश्नर भूषण कुमार उपाध्याय ने 4 दिसंबर को कहा- महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए रात 9 बजे से सुबह 5 बजे के बीच किसी भी सुनसान स्थान पर फंसी महिलाओं को घर छोड़ने के लिए पुलिस टीम की व्यवस्था की जा रही है। जरूरत हुई तो इसके लिए महिला स्टाफ के साथ गाड़ी का इंतजाम किया जाएगा। हमारी टीमों ने रात 8 बजे से 11 बजे चुनिंदा स्थानों पर गश्त करनी शुरू कर दी है।